भाजपा ने 125 सीटों के उम्मीदवार तय किए, 25 वर्तमान विधायकों को सूची से बाहर किया

4

भाजपा ने 125 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची तैयार कर ली है। बुधवार शाम हुई प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में हर सीट के लिए औसतन तीन नाम तय किए गए हैं। यह सूची अब केंद्रीय चुनाव समिति और केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेजी जाएगी।

दिल्ली में 11 और 12 अक्टूबर को होने वाली बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। सूची से 25 मौजूदा विधायकों के नाम विभिन्न कारणों से हटाए गए हैं। इन विधायकों के खिलाफ मिली शिकायतों और आरोपों के आधार पर यह निर्णय लिया गया।

बैठक में भाजपा की 2020 में लड़ी गई 110 सीटों के अलावा, वीआईपी पार्टी को दी गई 11 सीटें और अन्य दलों से भाजपा में शामिल हुए चार विधायकों की सीटों पर भी चर्चा हुई।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में करीब तीन घंटे चली इस मैराथन बैठक में प्रत्याशियों के चयन के लिए उनकी क्षेत्रीय सक्रियता, जनस्वीकृति, संगठनात्मक योगदान और सत्ता विरोधी लहर जैसे पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य, विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, मंगल पांडेय, संजय जायसवाल और चुनाव समिति के सचिव प्रेमरंजन पटेल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Comments are closed.