धनबाद के पांच इलाकों में गैस रिसाव से अफरा-तफरी, दो दर्जन बीमार; हजारों लोग प्रभावित
केंदुआ में बुधवार को जमीन से अचानक गैस रिसाव होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस रिसाव से करीब एक हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हुई है, जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग बीमार पड़े हैं। सभी को आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना बीसीसीएल की कोयला परियोजना क्षेत्र में हुई। जानकारी मिलने पर बीसीसीएल की सेफ्टी टीम मौके पर पहुँची और जांच शुरू की, हालांकि गैस की प्रकृति को लेकर कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। स्थानीय पुलिस क्षेत्र में कैंप कर रही है।
आधा दर्जन से अधिक एंबुलेंस तैनात
घटना की गंभीरता देखते हुए कई एंबुलेंस तैनात कर दी गई हैं। गैस रिसाव केंदुआडीह थाना के पीछे, राजपूत बस्ती, मस्जिद मोहल्ला और पांच नंबर समेत आसपास के इलाकों में देखा गया, जहाँ जमीन फटने के बाद गैस निकलती दिखाई दी।
बच्चे बेहोश, पक्षियों की मौत
गैस के असर से कई बच्चे बेहोश हो गए और पक्षियों की मौत भी हुई। कई लोगों ने उल्टी और चक्कर आने की शिकायत की। स्थानीय निवासी टिंकू अंसारी ने बताया कि मोहल्ले में अचानक कई लोग बीमार पड़ गए।
रामकिशन ने बताया कि गैस के प्रभाव से उनका पालतू तोता मर गया, जबकि महेश गोस्वामी की बच्ची घर से बाहर निकलते ही बेहोश होकर गिर गई। डॉक्टरों ने इसे जहरीली गैस का असर बताया है।
बीसीसीएल गेस्ट हाउस के पास से निकल रही गैस
केंडुआडीह पुलिस ने बीसीसीएल प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद टीम गैस डिटेक्टर मशीन के साथ जांच में जुट गई। प्रारंभिक अनुमान है कि गैस का स्रोत थाना के पास स्थित बीसीसीएल के जीएम गेस्ट हाउस के आसपास का इलाका है।
बीसीसीएल कुसुंडा एरिया के सेफ्टी ऑफिसर तुषारकांत के अनुसार, कई जगह गैस होने की आशंका है और उसकी मात्रा का पता लगाया जा रहा है। प्रबंधन उच्च स्तर पर रिपोर्ट कर रहा है और रिसाव को रोकने की तैयारी चल रही है।
एजेंट लखन लाल बरनवाल ने कहा कि गैस के स्रोत की पहचान की जा रही है और मिलते ही उसे बंद करने की कार्रवाई शुरू होगी।
विधायक ने किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद विधायक राज सिन्हा मौके पर पहुँचे और प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने उपायुक्त आदित्य रंजन से तत्काल राहत कार्य शुरू करने की मांग की।
प्रशासन के अधिकारी नदारद
इलाका बीसीसीएल के कमांड क्षेत्र में आता है। बीसीसीएल ने प्रभावित घरों को खाली करने का नोटिस जारी कर दिया है और लाउडस्पीकर से घोषणा भी की जा रही है।
हालांकि, जिला प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर उपस्थित नहीं है। केवल केंदुआडीह पुलिस के अधिकारी और जवान तैनात हैं।
Comments are closed.