गर्मी के मौसम में पसीना सबसे बड़ी परेशानी बन जाता है। कभी यह कपड़ों में बदबू की वजह बनता है, तो कभी चेहरे पर किया गया मेकअप खराब कर देता है। घर से निकलते समय चाहे मेकअप कितना भी परफेक्ट लगे, तेज गर्मी और पसीने के कारण वह जल्दी फीका पड़ सकता है।
अगर आप भी सोचती हैं कि ऐसा क्या करें जिससे मेकअप गर्मी में बहे नहीं और लंबे समय तक फ्रेश बना रहे, तो कुछ आसान टिप्स आपकी मदद कर सकती हैं।
मेकअप से पहले त्वचा को करें तैयार
मेकअप लगाने से पहले चेहरे को माइल्ड फेस वॉश से अच्छी तरह साफ करें और साफ तौलिए से हल्के हाथों से पोंछ लें। इसके बाद जो भी स्किनकेयर प्रोडक्ट इस्तेमाल करें, उसे त्वचा पर पूरी तरह अब्सॉर्ब होने दें। एक के बाद एक तुरंत प्रोडक्ट लगाने से बचें।
हल्का मेकअप चुनें
गर्मियों में भारी और मोटी लेयर वाला मेकअप करने से बचना चाहिए। खासकर ग्रीसी स्किनकेयर प्रोडक्ट का इस्तेमाल कम करें। कोशिश करें कि अपनी रूटीन को सीमित रखें, जैसे क्लींजर, सीरम, मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन। बेहतर होगा कि मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन जेल-बेस्ड हों।
प्राइमर लगाना न भूलें
प्राइमर मेकअप को लंबे समय तक टिकाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। यह पोर्स को स्मूद लुक देता है और मेकअप को बेहतर तरीके से सेट करने में मदद करता है। गर्मियों में ऑयल-फ्री, स्वेट-प्रूफ या वॉटरप्रूफ प्राइमर चुनना बेहतर हो सकता है।
सेटिंग या कॉम्पैक्ट पाउडर जरूरी
मेकअप के बाद सेटिंग पाउडर का इस्तेमाल चेहरे के ऑयली हिस्सों जैसे टी-जोन, चिन और गालों पर जरूर करें। इससे अतिरिक्त ऑयल कंट्रोल करने और मेकअप को लंबे समय तक टिकाए रखने में मदद मिल सकती है।
अंत में सेटिंग स्प्रे लगाएं
मेकअप पूरा होने के बाद सेटिंग स्प्रे इस्तेमाल करना न भूलें। यह मेकअप को लंबे समय तक लॉक करने में मदद करता है और चेहरे को फ्रेश लुक दे सकता है। स्प्रे करते समय बोतल को चेहरे से करीब 12 इंच की दूरी पर रखें और पूरे चेहरे पर समान रूप से स्प्रे करें। इसे पूरी तरह सूखने के बाद ही बाहर निकलें।
Comments are closed.