पसीने और उमस में भी मेकअप रहेगा फ्रेश, अपनाएं ये 5 आसान ट्रिक्स
गर्मी के मौसम में मेकअप को लंबे समय तक फ्रेश और टिकाऊ बनाए रखना आसान नहीं होता। पसीना, ऑयल और उमस की वजह से मेकअप जल्दी खराब हो जाता है, जिससे चेहरा डल नजर आने लगता है। ऐसे में सही तकनीक और सही प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल बेहद जरूरी है। ब्यूटी एक्सपर्ट रेनू माहेश्वरी के अनुसार, कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप अपने मेकअप को घंटों तक बरकरार रख सकती हैं।
1. मेकअप से पहले चेहरे पर बर्फ लगाएं
चेहरे को अच्छी तरह साफ करने के बाद कुछ मिनट तक बर्फ से हल्की मसाज करें। इससे त्वचा ठंडी रहती है, पोर्स टाइट होते हैं और पसीना कम आता है, जिससे मेकअप लंबे समय तक टिका रहता है।
2. जेल और वॉटर-बेस्ड प्रोडक्ट्स चुनें
गर्मियों में भारी और ऑयली प्रोडक्ट्स की बजाय जेल या वॉटर-बेस्ड मॉइश्चराइजर और मेकअप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें। ये त्वचा को हल्का महसूस कराते हैं और अतिरिक्त तेल बनने से रोकते हैं।
3. वॉटरप्रूफ फाउंडेशन का इस्तेमाल करें
पसीने और नमी के बीच मेकअप को खराब होने से बचाने के लिए वॉटरप्रूफ फाउंडेशन सबसे अच्छा विकल्प है। यह चेहरे को नेचुरल लुक देने के साथ लंबे समय तक टिके रहने में मदद करता है।
4. लूज पाउडर और मेकअप फिक्सर लगाना न भूलें
मेकअप पूरा होने के बाद लूज पाउडर से उसे सेट करें। इसके बाद मेकअप फिक्सिंग स्प्रे का इस्तेमाल करें। इससे मेकअप स्मज होने से बचता है और घंटों तक फ्रेश दिखाई देता है।
5. न्यूड और लाइट मेकअप को दें प्राथमिकता
गर्मियों में डार्क लिपस्टिक, भारी ब्लश और गहरे आईशैडो की बजाय न्यूड या सॉफ्ट शेड्स चुनें। हल्का मेकअप न सिर्फ ज्यादा समय तक टिकता है बल्कि चेहरे को ताजगी भरा और नेचुरल लुक भी देता है।
इन आसान टिप्स को अपनाकर आप गर्मियों में भी अपना मेकअप लंबे समय तक फ्रेश, ग्लोइंग और आकर्षक बनाए रख सकती हैं।
Comments are closed.